सरकार ने बाबुओं को दस हजार रुपए देने की घोषणा की है। हालांकि इसके लिए उन्हें पारंगत कोर्स में 70 फीसदी से ज्यादा नंबर लाने होंगे। यह कोर्स पिछले साल ही लॉन्च किया गया था। इसे कठिन हिंदी कोर्स में पास होने वालों के लिए प्रोत्साहन राशि बताया गया है।
गृह मंत्रालय ने बुधवार को सभी केंद्रीय मंत्रालयों को भेजे एक खत में कहा है कि 60 से 69 फीसदी नंबर लाने वालों को 8 हजार और 55 से 59 फीसदी तक नंबर लाने वालों को 6 हजरा रुपये दिए जाएंगे। बता दें कि सरकारी कर्मचारियों को हिंदी अच्छी करने के लिए तीन ट्रेनिंग कोर्स प्रबोध, प्रवीण और प्रज्ञ की शुरुआत की गई थी। हालांकि इसके बाद भी सरकारी कर्मचारी हिंदी में अच्छा काम नहीं कर पा रहे थे।
इसे देखते हुए सरकार ने अप्रेल 2015 में 160 घंटे का कोर्स पारंगत को लॉन्च किया। यह प्रैक्टिस पर आधारित है। इसमें 80 फीसदी समय प्रैक्टिस और बाकी समय सैद्धांतिक पहलुओं पर चर्चा करने में बीतता है। गृह मंत्रालय ने एक पत्र में लिखा है कि जिन मंत्रालयों और विभागों में अच्छे नंबर लाने वालों को इनामी राशि देने का खर्च वे अपने प्रशासनिक बजट से निकालें और 10 मार्च तक इस पर जवाब दें। कोर्स में प्रशासनिक, वित्त, बैंकिंग, विज्ञान और तकनीकी और शब्दकोष जैसे विषय शामिल हैं।

No comments